हम भारती न्यूज़
मंडल ब्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
सम्भल ( बहजोई) 12 फरवरी 2026
आज उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा वर्ष 2026 हेतु जोनल मजिस्ट्रेट / सेक्टर मजिस्ट्रेट / स्टेटिक मजिस्ट्रेट / केन्द्र व्यवस्थापक बाह्य केन्द्र व्यवस्थापक का प्रशिक्षण/ बैठक जिलाधिकारी डाॅ राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल चंदौसी में आयोजित की गयी। जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वेश कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद् के अन्तर्गत यूपी बोर्ड की हाईस्कूल तथा इण्टरमीडिएट की परीक्षा 2026 जोकि 18 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित की जानी हैं को शांतिपूर्ण तथा पारदर्शिता पूर्ण एवं नकलविहीन सम्पन्न करानी है।
उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन सम्पन्न कराने के लिए तैयारियां पूर्ण हैं। यह परीक्षा 18 फरवरी से 12 मार्च तक जनपद के 77 परीक्षा केन्द्रों ( राजकीय विद्यालय 12 एवं अशासकीय सहायता प्राप्त 35 तथा वित्तविहीन 30) पर आयोजित की जाएगी तथा जिसमें हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के कुल 51427 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।परीक्षा प्रथम पाली में प्रातः 8:30 बजे से 11:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से 5:15 बजे तक आयोजित की जाएंगी।परीक्षा की दृष्टि से जनपद 3 जोन तथा 14 सैक्टर में विभाजित किया गया है तथा तीन जोनल मजिस्ट्रेट एवं 14 सैक्टर मजिस्ट्रेट तथा 77 स्टेटिक मजिस्ट्रेट , 77 बाह्य केन्द्र व्यवस्थापकों, 6 सचल दल एवं 03 रात्रि भ्रमण सचल दल की नियुक्ति की गयी है। परीक्षा केन्द्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति हो गयी है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बैठक में उपस्थित सभी से सहयोग की अपेक्षा की उन्होंने कहा कि परीक्षार्थी तथा अध्यापकों को तनावपूर्ण वातावरण से अलग रखा जा सके इसके लिए भी कार्य किए जाएं। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शिता पूर्ण एवं नकलविहीन सम्पन्न कराने हेतु 77 परीक्षा केन्द्रों पर 3335 कक्ष निरीक्षकों की नियुक्ति की गयी है। उन्होंने कहा कि सभी अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व द्वारा बोर्ड परीक्षा के विषय में जानकारी दी गयी उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला महत्वपूर्ण है छोटी सी भी गलती हमारे जनपद के लिए उचित नहीं रहेगी। कोई भी गलती विद्यालय में ना हो इसको देखना है परीक्षा शांतिपूर्ण हो तथा त्यौहार ( होली) के बाद भी केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरे एवं वायस रिकार्डर को चेक किया जाए। उन्होंने कहा कि जो भी निर्देश एवं गाइडलाइन बोर्ड से प्राप्त हुए हैं उनको सभी संबंधित अध्ययन कर लें।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार बैठक का आयोजन किया गया है। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2024 में बोर्ड परीक्षा को लेकर कड़ा कानून बनाया गया है, अगर कोई परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करता है तो उसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा ( अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2024 की सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत तुरंत कठोरतम विधिक कार्यवाही की जाएगी। परीक्षा पारदर्शिता पूर्ण एवं शांतिपूर्ण तथा नकलविहीन सम्पन्न करानी हैं। परीक्षा के अन्तर्गत 6 फ्लाइंग स्कवायड रहेंगे। किसी भी प्रकार की नकल न हो तथा बच्चे परीक्षा देने आयें उस पर विशेष ध्यान दिया जाए। जोनल मजिस्ट्रेट, सैक्टर मजिस्ट्रेट तथा स्टेटिक मजिस्ट्रेट अनुशासन के साथ कार्य करें। बोर्ड परीक्षा के लिए एक कंट्रोल रूम ( कार्यालय जिला विद्यालय निरीक्षक इंटरमीडिएट कॉलेज बहजोई) बनाया गया है जिसके माध्यम से मानिटरिंग की जाएगी। परीक्षा केंद्र के पास की फोटो कॉपी की दुकानें परीक्षा के समय बंद रहेगी। विद्युत एवं पेयजल की निर्बाध रूप से सुनिश्चित की जाए। परिवहन की सुविधा भी सही रहे।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रदीप वर्मा, उप जिलाधिकारी गुन्नौर अवधेश कुमार, जनपदीय प्रश्नपत्र प्राप्त प्रशासनिक नोडल अधिकारी/ डिप्टी कलक्टर नीतू रानी, जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वेश कुमार, डायट उपप्राचार्य अमरोहा ( आब्जर्वर) सुश्री शाहीन, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत आशीष सिंह, तहसीलदार चंदौसी रवि सोनकर एवं संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
जारी जिला सूचना कार्यालय सम्भल।

