श्रीलि स्कूल ऑफ़ एक्सीलेंस में प्रथम एवं द्वितीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ
अनुशासन, सेवा और नेतृत्व के गुणों से सुसज्जित हो रहे छात्र, स्काउट-गाइड प्रशिक्षण से निखर रही प्रतिभा”
छपरा: -- जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) के निर्देशों के आलोक में श्रीलि स्कूल ऑफ़ एक्सीलेंस में प्रथम एवं द्वितीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का भव्य शुभारंभ किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता तथा सामाजिक सेवा की भावना का विकास करना है।
कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के निदेशक चुनमुन सिंह एवं निदेशक कृति सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड प्रशिक्षण बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और उन्हें जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।
विद्यालय के उप-प्राचार्य अनीश कुमार सिंह ने शिविर की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को प्राथमिक स्काउटिंग कौशल, टीम वर्क, अनुशासन एवं आपदा प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी।
शिविर के संचालन में स्काउट मास्टर सोनू गुप्ता एवं गाइड कैप्टेन खुशी कुमारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वहीं समन्वयक के रूप में प्रीतेश कुमार,मोनू कुमार एवं रोहित राज राय अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उन्हें व्यवहारिक ज्ञान प्रदान किया जा रहा है, जिससे उनका आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित हो सके।
यह प्रशिक्षण शिविर विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और कौशल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।

