मैनपुरी में युवती को कार से टक्कर मारने का आरोप, एफआईआर दर्ज न होने पर मंत्री से लगाई गुहार
मैनपुरी जिले के घिरोर थाना क्षेत्र के नगला भूड़ निवासी विवेक कुमार ने प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की मांग की है।
पीड़ित का आरोप है कि उसकी बहन 13 मई 2026 की शाम करीब 5:30 बजे दौड़ लगाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान नगला भूड़ से बमरौली जसराना रोड पर पीछे से आई सफेद रंग की चार पहिया गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके पैर की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया।
परिजनों का कहना है कि उपचार के दौरान जानकारी मिली कि गाड़ी गांव का ही एक युवक चला रहा था। आरोप है कि युवक ने जानबूझकर युवती को टक्कर मारी। घायल युवती का इलाज पीजीआई सैफई में कराया गया।
पीड़ित परिवार ने बताया कि घटना के संबंध में थाना घिरोर में प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि पुलिस द्वारा प्रार्थना पत्र बदलने की बात कही जा रही है।
अब पीड़ित ने कैबिनेट मंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर एफआईआर दर्ज कराने और न्याय दिलाने की मांग की है
