आगामी त्यौहार बकरीद के दृष्टिगत जनपद में चाक-चौबंद सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई
हम भारती न्यूज़ से उत्तर प्रदेश चीफ व्यूरो प्रमुख धर्मेन्द्र कुमार श्रीवास्तव की ख़ास ख़बर
कुशीनगर आज दिनांक 22.05.2026 को आगामी त्यौहार बकरीद के दृष्टिगत जिलाधिकारी कुशीनगर श्री महेन्द्र सिंह तंवर एवं पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में “पीस कमेटी” के सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में समस्त प्रशासनिक अधिकारीगण, पुलिस अधिकारीगण एवं जनपद के पीस कमेटी सदस्य उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक श्री केशव कुमार ने बैठक को संबोधित करते हुए बताया कि जनपद में त्यौहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ कर दिया गया है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जनपद की सोशल मीडिया सेल द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की बारीकी से निगरानी की जा रही है। आपत्तिजनक या भ्रामक टिप्पणी/संदेश प्रसारित करने वालों के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक द्वारा पीस कमेटी के सदस्यों से अपील की गई कि:
1- सभी लोग नमाज स्थलों पर ही नमाज अदा करें, सड़कों पर नमाज न पढ़ें।
2- साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
3- जनपदवासियों को शांति, भाईचारे और सद्भाव बनाए रखने के लिए जागरूक करें।
4- किसी भी प्रकार के भ्रामक या अफवाहपूर्ण संदेश को तुरंत नजदीकी पुलिस थाना/चौकी को सूचित करें।
जिलाधिकारी श्री महेन्द्र सिंह तंवर ने कहा कि सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें तथा त्यौहार को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में मनाएं। जनपद की शांति व्यवस्था बनाए रखने में सभी का सक्रिय सहयोग आवश्यक है।पीस कमेटी के सदस्यों ने आगामी त्यौहार के दौरान शांति एवं सद्भाव बनाए रखने के लिए पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने का संदेश देंगे।
गोष्ठी के अंत में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी सदस्यों के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया और विश्वास व्यक्त किया कि समस्त के सामूहिक प्रयासों से बकरीद का त्यौहार जनपद में पूर्ण शांति, सद्भाव एवं सुरक्षा के साथ मनाया जाएगा।

