हम भारती न्यूज़
मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
जनसुनवाई में प्राप्त शिकायत पर जिलाधिकारी की बड़ी कार्रवाई अभिलेखागार में सम्बद्ध अनुरेखक निलम्बित, विभागीय कार्यवाही के निर्देश
सम्भल (बहजोई), 27 मई 2026
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के कार्यालय में दिनांक 21 मई 2026 को आयोजित जनसुनवाई के दौरान अधिवक्तागण द्वारा सामूहिक रूप से कलक्ट्रेट बहजोई स्थित अभिलेखागार में कार्यरत अनुरेखक/ मानचित्रकार राजेन्द्र कुमार (मूल रूप से चकबंदी विभाग के कर्मचारी) के विरुद्ध एक शिकायती पत्र प्रस्तुत किया गया था।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि संबंधित अनुरेखक द्वारा नकल आदि जारी करने में अनावश्यक हीलाहवाली की जाती है तथा काश्तकारों एवं अधिवक्ताओं को बार-बार कार्यालय आने के लिए विवश किया जाता है। साथ ही अनुचित धनराशि की मांग किए जाने की शिकायत भी की गई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी द्वारा अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) / उप संचालक चकबंदी सौरभ कुमार पाण्डेय को जांच के निर्देश दिए गए। जांच के दौरान अनुरेखक/मानचित्रकार राजेन्द्र कुमार को आवेदकों को अनावश्यक रूप से बार-बार दौड़ाने, प्राप्त आवेदनों को पंजिका में दर्ज न करने तथा अनुचित मांग कर कार्य में विलम्ब करने का प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया।
जिलाधिकारी द्वारा अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) / उप संचालक चकबंदी एवं प्रभारी अभिलेखागार (वरिष्ठ प्रभार) सौरभ कुमार पाण्डेय द्वारा प्रेषित जांच आख्या के आधार पर राजेन्द्र कुमार की अभिलेखागार से तत्काल संबद्धता समाप्त करते हुए उन्हें निलम्बित किए जाने एवं विभागीय कार्यवाही प्रारम्भ करने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही उनके स्थान पर किसी अन्य अनुरेखक/मानचित्रकार को तत्काल अभिलेखागार में सम्बद्ध किए जाने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
जारी जिला सूचना कार्यालय, सम्भल
