हम भारती न्यूज़
मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
आईजीआरएस एवं हेल्पलाइन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक*
सम्भल (बहजोई), 14 मई 2026
आज जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल की अध्यक्षता में आईजीआरएस एवं हेल्पलाइन शिकायतों को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रदीप वर्मा ने 50 प्रतिशत से अधिक असंतुष्ट फीडबैक वाले विभागों की स्थिति से जिलाधिकारी को अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी संदर्भों का निस्तारण निर्धारित समय से तीन दिवस पूर्व सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मा. मुख्यमंत्री जी, मा. उप मुख्यमंत्री जी एवं मा. मंत्री जी स्तर से प्राप्त संदर्भों को गंभीरता से पढ़ते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी आख्या अपलोड करने से पूर्व अधिकारी स्वयं उसका परीक्षण करें तथा शिकायतकर्ता से वार्ता करने के उपरांत ही रिपोर्ट प्रेषित करें।
अपर जिलाधिकारी ने बैठक में अवगत कराया कि कुछ विभागों द्वारा पूर्ववत एवं असंतोषजनक आख्या पुनः प्रेषित की जा रही हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों का निस्तारण पूर्ण गुणवत्ता एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी संदर्भ लंबित न रखा जाए तथा जनसुनवाई से संबंधित संदर्भों की आख्या सात दिवस के भीतर उपलब्ध कराई जाए। निर्धारित समयावधि में आख्या प्रस्तुत न होने की स्थिति में संबंधित अधिकारी स्वयं आख्या लेकर जनसुनवाई में उपस्थित होंगे।।
बैठक में ब्लॉक एवं नगर पालिका स्तर पर प्राप्त संतोषजनक एवं असंतोषजनक फीडबैक की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे अपने स्तर पर ब्लॉक स्तरीय संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित कर शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा करें।
उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं से शत-प्रतिशत संपर्क स्थापित किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी अधिकारी डिफाल्टर श्रेणी में न आए। विभागीय स्तर पर टीम गठित कर शिकायतों के निस्तारण की मॉनिटरिंग करने तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के दौरान “ज्ञान भारतम मिशन” के अंतर्गत दुर्लभ पाण्डुलिपियों के डिजिटल संरक्षण एवं स्व-गणना अभियान के संबंध में भी चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
वर्चुअल बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रदीप वर्मा, उप जिलाधिकारी गुन्नौर विकासचन्द्र, उप जिलाधिकारी सम्भल निधि पटेल सहित समस्त संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जारी जिला सूचना कार्यालय, सम्भल
