हम भारती न्यूज़
मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
जिला पोषण समिति की बैठक सम्पन्न, कुपोषण मुक्ति एवं पोषण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जिलाधिकारी ने दिए निर्देश
सम्भल (बहजोई), 24 जून 2026
आज कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) महेश कुमार द्वारा गर्भवती महिलाओं (GWG), आंगनबाड़ी केन्द्रों के निरीक्षण, टेक-होम राशन, हॉट कुक्ड मील, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों, वीएचएसएनडी सत्रों तथा सैम एवं मैम बच्चों की स्थिति के संबंध में जानकारी प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी सीडीपीओ अपने-अपने विकास खण्डों की योजनाओं की पूर्ण जानकारी रखें तथा नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं के वास्तविक परिणाम सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने पोषण पुनर्वास केन्द्र (एनआरसी), चन्दौसी में सैम बच्चों के पंजीकरण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी विकास खण्डों से चिन्हित सैम बच्चों को एनआरसी भेजना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्रों के निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही आंगनबाड़ी कायाकल्प अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु समस्त खण्ड विकास अधिकारियों को नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
बैठक में आकांक्षात्मक विकास खण्डों के आंगनबाड़ी केन्द्रों में बाल-मित्र शौचालयों की उपलब्धता, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा सम्भव अभियान की प्रगति पर भी चर्चा की गई। गर्भावस्था से बाल्यावस्था तक पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने में स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस विभाग एवं पंचायती राज विभाग की भूमिका की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों के पुनः खुलने से पूर्व उनकी समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बाल स्वास्थ्य, मातृ पोषण एवं समग्र पोषण स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि इन महत्वपूर्ण बिन्दुओं को ट्रिपल-ए (AAA) बैठकों में प्राथमिकता के साथ शामिल किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण पाठक, जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) महेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी प्रबोध कुमार मिश्रा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जारी जिला सूचना कार्यालय, सम्भल

