हम भारती न्यूज़
मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
सम्भल (बहजोई), 24 जून 2026
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ बेटी को पायलट बनाओ
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) की महिलाओं एवं बेटियों को व्यावसायिक पायलट बनने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से "Giving Wings to Fly" विशेष पायलट प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह कार्यक्रम IndiGo Reach की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन BharatCares (SMEC) द्वारा तथा प्रशिक्षण Chimes Aviation Academy (CAA) द्वारा प्रदान किया जाएगा, जो डीजीसीए (DGCA) से मान्यता प्राप्त प्रशिक्षण संस्थान है।
कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों को कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) तथा एटीआर टाइप रेटिंग (ATR Type Rating) का व्यावसायिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान आवास एवं भोजन की 100 प्रतिशत व्यवस्था, चिकित्सा बीमा, एयरलाइन उद्योग के विशेषज्ञों द्वारा मेंटरशिप तथा करियर मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।
पात्रता मानदण्ड के अनुसार आवेदन केवल भारतीय महिला नागरिकों के लिए खुले हैं। अभ्यर्थी की आयु 1 मई 2026 तक 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी ने अंग्रेजी, भौतिकी एवं गणित विषयों के साथ 10+2 (इंटरमीडिएट) उत्तीर्ण किया हो तथा प्रत्येक विषय में न्यूनतम 51 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों। अभ्यर्थी आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) से संबंधित हो तथा परिवार की वार्षिक आय भारत सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप हो। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी के पास वैध भारतीय पासपोर्ट होना आवश्यक है।
इच्छुक अभ्यर्थी कार्यक्रम के लिए ScholarsBox पोर्टल के माध्यम से लिंक indigoreachgwf.scholarsbox.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित की गई है। पोर्टल पर अभ्यर्थी अपने आवेदन की स्थिति तथा चयन प्रक्रिया की प्रगति का भी अवलोकन कर सकते हैं।
जनपद की आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की पात्र युवतियों से अपील की गई है कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाते हुए समयबद्ध रूप से आवेदन करें तथा विमानन क्षेत्र में अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाएं।
