हम भारती न्यूज़
मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
विद्यालय कायाकल्प एवं पीएम श्री विद्यालयों की समीक्षा में सख्त दिखे जिलाधिकारी, गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश*
शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न, नामांकन बढ़ाने, दिव्यांग छात्रों की सुविधाओं एवं लंबित गैप शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
सम्भल (बहजोई), 22 जून 2026
आज कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से ऑपरेशन विद्यालय कायाकल्प, निपुण भारत मिशन के क्रियान्वयन, मध्यान्ह भोजन योजना, दिव्यांग बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, पीएम श्री विद्यालयों में गैप तथा वहां कराए गए एवं प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत अधिकाधिक छात्रों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित कराने तथा पीएम श्री विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक परिवेश उपलब्ध कराने हेतु शिक्षकों को निरंतर प्रेरित एवं प्रोत्साहित किए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिनांक 23 जून 2026 को संबंधित खण्ड विकास अधिकारियों (बीडीओ) एवं एडीओ पंचायत के साथ बैठक कर विद्यालय कायाकल्प के अंतर्गत शेष गैप पर विस्तृत चर्चा करें तथा उसकी सूची हार्ड कॉपी में उपलब्ध कराएं। उन्होंने बताया कि इसकी साप्ताहिक समीक्षा मुख्य विकास अधिकारी द्वारा की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में गैप की सूची आगामी तीन कार्यदिवस के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही दिव्यांग छात्रों, विशेषकर श्रवण बाधित विद्यार्थियों के लिए शासनादेश के अनुरूप विशेषज्ञ चिकित्सक की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा।
बैठक में मध्यान्ह भोजन योजना के अंतर्गत तिथि भोज योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने तथा तिथि भोज कार्यक्रम की कार्यवाही उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त नगर क्षेत्र के विद्यालयों में जिन एनजीओ के माध्यम से मध्यान्ह भोजन व्यवस्था संचालित की जा रही है, उनके संबंध में शासनादेश के अनुरूप सेंट्रल किचेन से संबंधित विद्यालयों की दूरी का विद्यालयवार विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने पीएम श्री विद्यालयों में अद्यतन लंबित गैप की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन कार्यों को रायफल क्लब अथवा ग्राम एवं नगर निधि से वित्तपोषित किया गया है, उनमें अब तक संतृप्तिकरण न होने के वास्तविक कारणों का परीक्षण किया जाए। साथ ही आगामी 15 कार्यदिवस के भीतर सभी शेष गैप को पूर्ण करने के लिए संबंधित पटल प्रभारी के साथ कार्ययोजना तैयार करने हेतु मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा, समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी एवं जिला समन्वयक उपस्थित रहे।
जारी जिला सूचना कार्यालय, सम्भल।

