भरथना में मायके में करंट लगने से विवाहिता की मौत:मोबाइल चार्जर लगाते समय हुआ हादसा
इटावा जिले में मोबाइल चार्जर लगाते समय करंट लगने से एक विवाहिता की मौत हो गई। भरथना थाना क्षेत्र के ग्राम मंगूपुरा में हुई, जहां महिला अपने मायके में रह रही थी।
मंगूपुरा निवासी श्याम सिंह ने बताया कि उनकी 30 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी घर में लगे बिजली बोर्ड में मोबाइल चार्जर का प्लग लगा रही थी। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गई।
परिजन आनन-फानन में लक्ष्मी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
श्याम सिंह के अनुसार, लक्ष्मी की शादी जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम अजबपुर निवासी एक युवक से हुई थी। कुछ माह पूर्व आपसी विवाद के चलते वह अपने मायके आकर रह रही थी। मृतका का एक छोटा बेटा शिवांश भी है। घटना की जानकारी मिलते ही मां गीता देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
