Type Here to Get Search Results !

https://www.facebook.com/humbharti.newslive

जिलाधिकारी ने संभल एवं असमोली विकासखंड के विकास कार्यों की समीक्षा की, लापरवाही पर दी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

 हम भारती न्यूज़ 

मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह 

संभल से खास खबर 


जिलाधिकारी ने संभल एवं असमोली विकासखंड के विकास कार्यों की समीक्षा की, लापरवाही पर दी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी




संभल (बहजोई), 16 जून 2026


   आज कलेक्ट्रेट सभागार, बहजोई में जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल की अध्यक्षता में विकासखंड संभल एवं विकासखंड असमोली के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। 

    बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अन्नपूर्णा भवन एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराए जाएं। साथ ही जिन आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भूमि आवंटन लंबित है, उनका आवंटन अगले दिन तक प्रत्येक दशा में सुनिश्चित किया जाए।

   एनआरएलएम (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन) के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने डीएमएम, एनआरएलएम को प्रतिदिन समीक्षा बैठक आयोजित करने तथा योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए।

 उन्होंने लखपति दीदी योजना की अपेक्षाकृत कम प्रगति पर भी नाराजगी व्यक्त करते हुए आवश्यक दिशा- निर्देशित किया।

मनरेगा कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण से संबंधित आईडी का निर्माण तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समयबद्ध वृक्षारोपण सुनिश्चित किया जाए। कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

कोटेदारों की रिक्त दुकानों के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन दुकानों के प्रस्ताव लंबित हैं, उनकी तिथि निर्धारित कर प्रस्तावों का निस्तारण कराया जाए, जिससे दुकानों का आवंटन शीघ्र किया जा सके।

बैठक में ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम विकास अधिकारियों एवं पंचायत सहायकों की उपस्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी ग्राम स्तरीय कर्मचारी अपने कार्यक्षेत्र में उपस्थित रहकर स्थानीय समस्याओं का गंभीरता से निस्तारण करें। पंचायत सहायकों द्वारा किए जाने वाले कार्यों की सूची सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाए तथा उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, जिससे शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंच सके।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के संपर्क मार्गों का निरीक्षण कर उनकी साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। कहीं भी जलभराव की स्थिति न रहे तथा असमतल मार्गों को समतल कराया जाए, जिससे आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्रों के आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा पेंशन सत्यापन कार्य को गंभीरता से संपन्न कराने के निर्देश दिए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी कार्य में लापरवाही पाए जाने पर उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि ग्राम स्तर पर विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, सीएचसी, पीएचसी तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों तक जाने वाले संपर्क मार्गों पर अतिक्रमण एवं गंदगी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके लिए आगामी 15 दिनों का विशेष अभियान चलाकर ग्राम पंचायत स्तर पर साफ-सफाई, जलभराव की समस्या के निस्तारण तथा एंटी-लार्वा छिड़काव की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

गौशालाओं की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि मेरे निरीक्षण के दौरान कोई कमी पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को धरातल पर उतारने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी जनपद के समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करें।


     इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी राम आशीष, जिला पंचायती राज अधिकारी सी.पी. सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) महेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


जारी जिला सूचना कार्यालय, संभल।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies