फिरोजाबाद में आईटीसी के गोदाम में लगी आग:6 घंटे बाद पाया गया काबू, लाखों का सामान जला
फिरोजाबाद के जलेसर रोड स्थित आईटीसी के एक गोदाम में गुरुवार देर रात भीषण आग लग गई। रात करीब 12:30 बजे शुरू हुई आग ने देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि समय रहते लोगों को बाहर निकाल लेने से कोई जनहानि नहीं हुई।
गोदाम के साथ एक आवासीय परिसर भी था, जहां कई लोग रह रहे थे। आग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इससे बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें काफी दूर तक दिखाई दे रही थीं। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण वे सफल नहीं हो सके।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। उनका कहना है कि तब तक आग पूरे गोदाम में फैल चुकी थी। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आधा दर्जन से अधिक दमकल वाहनों और नगर निगम के पानी के टैंकरों की मदद से करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद दमकल कर्मियों ने काफी देर तक कूलिंग का काम किया।
आग के कारणों की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) सत्येंद्र कुमार पांडे, पुलिस और फायर विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। फायर विभाग और संबंधित विभाग की टीमें मामले की जांच कर रही हैं, जबकि नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।
व्यापार मंडल ने उठाए सवाल
स्थानीय पार्षद, क्षेत्रीय निवासी और व्यापार मंडल के प्रतिनिधि प्रशांत माहेश्वरी ने फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि यदि दमकल समय पर पहुंच जाती तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। उन्होंने व्यवस्था में सुधार की मांग भी की।

.jpg)