Type Here to Get Search Results !

https://www.facebook.com/humbharti.newslive

नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाभियान का आयोजन*

 हम भारती न्यूज़ मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह संभल से खास खबर


 


नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाभियान का आयोजन*


नशा मुक्त समाज ही विकसित भारत की मजबूत आधारशिला: मुख्य विकास अधिकारी


सम्भल (बहजोई), 19 अगस्त 2026


       आज कलेक्ट्रेट सभागार, बहजोई में जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट की अध्यक्षता में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत “विकसित भारत की ओर एक सशक्त कदम” विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 

      यह कार्यक्रम ब्रह्माकुमारी संस्थान के तत्वावधान में दीदी प्रकाशमणि जी की पावन स्मृति में चलाए जा रहे 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाभियान के तहत आयोजित हुआ।

       कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद बहजोई के अध्यक्ष श्री राजेश शंकर राजू ने भी प्रतिभाग किया। 

      कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं अधिकारियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

      ब्रह्माकुमारी संस्थान की कुमारी कुसुम दीदी ने नशे की लत से मुक्ति के उपायों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आत्मचिंतन एवं ध्यान के माध्यम से मन को एकाग्र करने का अभ्यास भी कराया। उन्होंने कहा कि हमें स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार एवं समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए जागरूक करना चाहिए। नशा छोड़ने से व्यक्ति स्वस्थ एवं सक्षम बनता है और उसका परिवार भी खुशहाल रहता है। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है।

मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रहे, बल्कि इसकी चर्चा परिवार और समाज में भी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि हमारा समाज नशा मुक्त होगा, तभी हमारा देश विकसित भारत के संकल्प की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सकेगा।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प में नशा मुक्ति को प्राथमिकता दी गई है। नशे की वजह से युवा पीढ़ी का भविष्य प्रभावित होता है। जब व्यक्ति नशे का सेवन करता है तो उसका विवेक एवं निर्णय लेने की क्षमता प्रभावित होती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।

नगर पालिका परिषद बहजोई के अध्यक्ष श्री राजेश शंकर राजू ने अपने संबोधन में कहा कि नशा एक बुरी लत है, जिससे प्रत्येक व्यक्ति को दूर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। पोस्टर, बैनर एवं होर्डिंग आदि के माध्यम से भी आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाना चाहिए, ताकि समाज में नशा मुक्ति का सकारात्मक संदेश पहुंचे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों को नशा मुक्त भारत के निर्माण की शपथ दिलाई गई। इसके उपरांत ब्रह्माकुमारी संस्थान की दीदियों द्वारा मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, नगर पालिका परिषद बहजोई के अध्यक्ष राजेश शंकर राजू एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी तिनेज कुमार को राखी बांधकर भाईचारे, सद्भाव एवं सामाजिक एकता का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी तिनेज कुमार, जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र से लोकेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा ब्रह्माकुमारी संस्थान से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे।


जारी— जिला सूचना कार्यालय, जनपद सम्भल।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies