हम भारती न्यूज़
मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
अमान्य विद्यालयों के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान सरकारी कार्य में बाधा एवं धमकी का आरोप, मुकदमा दर्ज
खंड शिक्षा अधिकारी की तहरीर पर थाना बहजोई में एक व्यक्ति के विरुद्ध बीएनएस की धारा 221 एवं 224 में एफआईआर दर्ज
सम्भल (बहजोई), 10 सितम्बर 2026
जनपद में अमान्य विद्यालयों के संचालन के विरुद्ध चल रही कार्रवाई के क्रम में विकासखंड बहजोई के ग्राम आनंदपुर में निरीक्षण एवं विद्यालय बंद कराने की कार्रवाई के दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा अधिकारियों को धमकी देने के आरोप में थाना बहजोई में मुकदमा दर्ज किया गया है।
खंड शिक्षा अधिकारी बहजोई एम.एल. पटेल द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर थाना बहजोई में एफआईआर संख्या 0459/2026, दिनांक 10 सितम्बर 2026 दर्ज की गई। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 221 एवं 224 के तहत कार्रवाई की गई है।
तहरीर के अनुसार, 09 सितम्बर 2026 को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा के साथ विद्यालयों के निरीक्षण के लिए गठित टीम द्वारा ग्राम आनंदपुर का निरीक्षण किया गया। ग्राम आनंदपुर में निरीक्षण के दौरान दो निजी विद्यालय बिना मान्यता के संचालित पाए गए। इन दोनों विद्यालयों में नर्सरी से लेकर इंटरमीडिएट तक की कक्षाएं संचालित की जा रही थीं।
जांच के दौरान एक विद्यालय मंदिर की धर्मशाला में तथा दूसरा विद्यालय श्री नरायन सिंह पुत्र श्री राम सिंह के घर में संचालित पाया गया। निरीक्षण टीम द्वारा दोनों अमान्य विद्यालयों को बंद कराने की कार्रवाई की जा रही थी। इस दौरान श्री नरायन सिंह के घर में संचालित विद्यालय में मौजूद लगभग 150 बच्चों एवं विद्यालय के स्टाफ को समझा-बुझाकर सुरक्षित रूप से घर भेजने की कार्रवाई की जा रही थी।
तहरीर के अनुसार, इसी दौरान इन्द्रप्रकाश वाल्मीकि निवासी ग्राम आनंदपुर मौके पर आए और विद्यालय बंद कराने की कार्रवाई का विरोध करते हुए अधिकारियों से कथित रूप से अभद्रता एवं धमकीपूर्ण व्यवहार किया। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि उक्त व्यक्ति द्वारा अधिकारियों को विद्यालय बंद न करने तथा बच्चों को घर भेजने की कार्रवाई का विरोध करते हुए धमकी दी गई और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की गई।
प्रकरण में थाना बहजोई पुलिस द्वारा मुकदमा पंजीकृत कर उपनिरीक्षक महेश बाबू शर्मा को विवेचना सौंपी गई है। पुलिस द्वारा मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
