हम भारती न्यूज़
मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
विधानसभा की सरकारी आश्वासन संबंधी समिति की उपसमिति ने की विभागीय समीक्षा
आवास, कारागार, खाद्य एवं रसद, पुलिस, स्वास्थ्य, नगर विकास, शिक्षा, राजस्व सहित विभिन्न विभागों के बिंदुओं पर हुई विस्तृत समीक्षा
सम्भल (बहजोई), 13 सितम्बर 2026
आज कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश विधानसभा की सरकारी आश्वासन संबंधी समिति की उपसमिति 2025-26 द्वारा विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति एवं माननीय विधानसभा सदस्य श्री राम खिलाड़ी सिंह यादव ने की। समिति के सदस्य हमीरपुर के माननीय विधायक डॉ. मनोज प्रजापति, प्रतापगढ़ के माननीय विधायक श्री राजेन्द्र सिंह, बिलारी के माननीय विधायक श्री इरफान फहीम एवं सम्भल के माननीय विधायक श्री इकबाल महमूद सहित अन्य सदस्य बैठक में सम्मिलित रहे।
बैठक से पूर्व समिति का कलेक्ट्रेट परिसर में स्वागत किया गया तथा समिति के सभापति को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल द्वारा समिति के सभापति को पुष्प, अंगवस्त्र एवं स्वयं सहायता समूह के उत्पाद भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी द्वारा समिति के सदस्य एवं माननीय विधायक सम्भल श्री इकबाल महमूद का पुष्प, अंगवस्त्र एवं स्वयं सहायता समूह के उत्पाद भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। समिति के अन्य सदस्यों का भी पुष्प एवं अन्य सामग्री भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इसके उपरांत समिति द्वारा बैठक में उपस्थित अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया गया। मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट द्वारा समीक्षा बैठक के विभिन्न बिंदुओं के संबंध में समिति के सभापति एवं सदस्यों को जानकारी दी गई।
सर्वप्रथम आवास एवं शहरी नियोजन विभाग से संबंधित बिंदुओं पर चर्चा की गई। स्वीकृत मानचित्र के अतिरिक्त निर्माण किए जाने, प्रदेश में इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के भूखंडों एवं भवनों के फ्री-होल्ड के संबंध में नीति निर्धारण तथा नवीन कॉलोनियों की स्थापना की नीति सहित विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की गई।
संबंधित अधिकारी द्वारा जनपद में की गई 69 कार्यवाहियों के संबंध में समिति को अवगत कराया गया। समिति ने संबंधित प्रकरणों की प्रतियां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कारागार विभाग की समीक्षा के दौरान जिला कारागार में कार्यरत बंदी रक्षकों के पौष्टिक आहार भत्ते, जेल मैनुअल के स्थान पर आदर्श जेल मैनुअल लागू किए जाने तथा कारागारों की क्षमता वृद्धि आदि बिंदुओं पर चर्चा हुई।
जनपद में प्रस्तावित कारागार के संबंध में बताया गया कि घासीपुर में भूमि की खरीद की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। आगे डीपीआर सहित अन्य आवश्यक कार्यवाही की जानी है।
जिला पूर्ति अधिकारी शिवि गर्ग द्वारा खाद्य एवं रसद विभाग से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर समिति को जानकारी दी गई। उचित दर दुकानों पर तौल कांटों को ऑनलाइन व्यवस्था से जोड़ने तथा राशन कार्ड से यूनिट कटने के संबंध में समिति के सदस्यों ने जानकारी प्राप्त की।
समिति ने यूनिट काटे जाने के मामलों की जांच कराने तथा कम से कम 30 उचित दर दुकानों को शामिल करते हुए समिति गठित कर जांच कराने के निर्देश दिए, ताकि राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। निलंबित उचित दर दुकानों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की गई।
समिति के सदस्यों ने जनप्रतिनिधियों को भी राशन दुकानों तक खाद्यान्न पहुंचने की सूचना मैसेज के माध्यम से उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस विभाग की समीक्षा में अपराध नियंत्रण एवं महिला सुरक्षा पर जोर
पुलिस विभाग से संबंधित बिंदुओं पर पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी द्वारा समिति को जानकारी दी गई। पुलिस कर्मियों की इंजरी पेंशन की धनराशि बढ़ाए जाने तथा बढ़ती आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए की जा रही कार्रवाई पर चर्चा हुई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद में फुट पेट्रोलिंग, मिशन शक्ति के कार्यक्रम, मिशन शक्ति केंद्रों का संचालन, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना तथा साइबर अपराध की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
समिति के सदस्यों ने थाना कुढ़ फतेहगढ़ का निरीक्षण कराने तथा जनता के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में चिकित्सा सेवाओं एवं दवाओं की उपलब्धता की जानकारी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण पाठक द्वारा स्वास्थ्य विभाग से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर समिति को जानकारी दी गई। जिला मलेरिया अधिकारी की तैनाती, सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की उपस्थिति, अनधिकृत अनुपस्थिति, दवा खरीद तथा नगरीय क्षेत्रों में गरीबों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने आदि विषयों पर चर्चा हुई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में जिला मलेरिया अधिकारी तैनात हैं तथा अनधिकृत रूप से अनुपस्थित 11 चिकित्सा अधिकारियों के संबंध में शासन एवं महानिदेशालय को सूचना प्रेषित की गई है। उन्होंने बताया कि औषधियों की खरीद की प्रक्रिया राज्य स्तर से की जाती है।
उन्होंने बताया कि जनपद के नगरीय क्षेत्रों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सम्भल, चंदौसी, बहजोई, गुन्नौर एवं नरौली तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बबराला संचालित हैं। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत 9 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं 25 अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हैं, जहां नियमित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में डायबिटीज एवं हाइपरटेंशन की जांच तथा ओरल कैंसर की स्क्रीनिंग के संबंध में भी जानकारी दी गई।
समिति के सदस्य एवं माननीय विधायक श्री इकबाल महमूद द्वारा कुत्ते एवं बंदर के काटने पर लगाए जाने वाले टीकों की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। वहीं समिति के सदस्य एवं बिलारी के माननीय विधायक श्री इरफान फहीम द्वारा हेपेटाइटिस-सी की जांच एवं उपचार तथा सर्पदंश के उपचार के लिए एंटी-वेनम की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में हेपेटाइटिस की जांच एवं दवाएं तथा एंटी-वेनम उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि सीएचसी बहजोई में सर्पदंश के 93 मामलों का उपचार किया गया।
समिति द्वारा अस्पतालों में साफ-सफाई, चादरों की व्यवस्था तथा पोस्टमार्टम हाउस से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समिति के सदस्य एवं हमीरपुर के माननीय विधायक डॉ. मनोज प्रजापति द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में छात्राओं के हेल्थ कार्ड तथा आरबीएसके टीम की बायोमेट्रिक उपस्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। उन्होंने आरबीएसके की बायोमेट्रिक उपस्थिति का सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
नगर विकास एवं पेयजल व्यवस्था की समीक्षा
नगर विकास विभाग से संबंधित लंबित आश्वासनों के बिंदुओं पर चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व द्वारा संबंधित बिंदुओं के अनुपालन की जानकारी समिति को दी गई।
जनपद में ट्रामा सेंटर की स्थापना तथा गंगा एक्सप्रेसवे पर आवश्यक बैरिकेडिंग के संबंध में भी चर्चा हुई।
नगर विकास विभाग के तारांकित प्रश्न के अंतर्गत चुकंदी सराय क्षेत्र में दूषित जल की जांच के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण द्वारा बताया गया कि चुकंदी सराय का कुछ हिस्सा तुर्तीपुर इला ग्रामीण क्षेत्र में आता है। विकासखंड सम्भल की रुकनुद्दीन सराय पुनर्गठन पेयजल योजना के अंतर्गत तुर्तीपुर इला, नरोत्तम सराय एवं रुकनुद्दीन सराय में पेयजल आपूर्ति की जा रही है। तुर्तीपुर इला में 17 जून 2026 को पानी का नमूना लेकर खण्डीय प्रयोगशाला में जांच कराई गई, जिसमें पानी मानक के अनुरूप पाया गया।
माननीय विधायक श्री इकबाल महमूद द्वारा हिन्दुपुरा खेड़ा में ओवरहेड टैंक संचालित न होने के बावजूद नगर पालिका द्वारा वाटर टैक्स लिए जाने का बिंदु उठाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
नमामि गंगे तथा वन विभाग से संबंधित लंबित आश्वासनों के बिंदुओं पर भी समिति द्वारा चर्चा की गई।
लोक निर्माण विभाग से संबंधित बिंदुओं की समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सुनील प्रकाश द्वारा बताया गया कि वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर 250 से अधिक आबादी वाले सभी गांव पक्की सड़क से संतृप्त हैं।
समाज कल्याण एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा
समाज कल्याण विभाग से संबंधित बिंदुओं पर चर्चा के दौरान समिति के सदस्यों ने धनगर समाज के जाति प्रमाण पत्र से संबंधित विषय पर जानकारी प्राप्त की।
माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत मान्यता प्राप्त विद्यालयों, शिक्षकों की तैनाती तथा प्रोजेक्ट अलंकार की स्थिति आदि पर चर्चा की गई।
राजस्व विभाग की समीक्षा
राजस्व विभाग से संबंधित भूमि के पट्टों के लंबित मुकदमों, अवैध पट्टों के निस्तारण तथा ई-खसरा आदि बिंदुओं पर चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्यप्रिय सिंह द्वारा संबंधित बिंदुओं की आख्या से समिति को अवगत कराया गया।
बेसिक शिक्षा विभाग से संबंधित बिंदुओं पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा द्वारा विद्यालयों में कंप्यूटर, पेयजल, विद्युत कनेक्शन आदि व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।
विद्यालयों की मान्यता के लिए लंबित आवेदनों के संबंध में बताया गया कि 14 आवेदन लंबित हैं। समिति ने आरटीई एवं यू-डायस के अंतर्गत विद्यालयों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
खनन विभाग के अंतर्गत संचालित पट्टों, की गई कार्यवाहियों, ओवरलोडिंग के विरुद्ध कार्रवाई तथा जुर्माने के संबंध में समिति द्वारा जानकारी प्राप्त की गई।
पंचायती राज विभाग के अंतर्गत पंचायत घरों, सफाईकर्मियों की संख्या तथा विभिन्न विभागों से संबद्ध सफाईकर्मियों के संबंध में जानकारी ली गई। समिति ने निर्देशित किया कि सफाईकर्मी जहां नियुक्त हैं, वहीं अपने मूल कार्यस्थल पर कार्य करें।
समिति के सदस्य श्री इकबाल महमूद ने दिशा समिति की बैठक नियमित रूप से आयोजित किए जाने पर जोर दिया।
समिति के सभापति एवं माननीय विधायक श्री राम खिलाड़ी सिंह यादव ने कहा कि बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि बैठक में उठाए गए सभी बिंदुओं पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने समिति के सभापति एवं सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों का नियमानुसार अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल, पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्यप्रिय सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सौरभ कुमार पाण्डेय, समिति के सभापति एवं सदस्यगण तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जारी जिला सूचना कार्यालय, सम्भल।

.jpeg)