Type Here to Get Search Results !

https://www.facebook.com/humbharti.newslive

न्याय पंचायत आटा में विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा

 हम भारती न्यूज़ 

मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह 

संभल से खास खबर 


न्याय पंचायत आटा में विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा




फार्मर रजिस्ट्री की सूचना प्रस्तुत न करने एवं जानकारी के अभाव पर सहायक विकास अधिकारी (कृषि) को कारण बताओ नोटिस, दो समूह गठित करने वाली समूह सखियों का मानदेय रोकने के निर्देश


सम्भल (बहजोई), 10 सितम्बर 2026


जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट की अध्यक्षता में विकासखंड बनियाखेड़ा की न्याय पंचायत आटा में विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में फार्मर रजिस्ट्री, फैमिली आईडी, आयुष्मान कार्ड, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), स्वयं सहायता समूहों के गठन, स्वच्छता, जल संरक्षण, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेंशन एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।


फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा में लापरवाही पर कार्रवाई


समीक्षा के दौरान फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित कार्यों की प्रगति एवं सूचना की समीक्षा की गई। संबंधित द्वारा फार्मर रजिस्ट्री की अपेक्षित सूचना प्रस्तुत नहीं किए जाने तथा कार्य की पर्याप्त जानकारी न होने पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा नाराजगी व्यक्त की गई। इस पर सहायक विकास अधिकारी (एजी) को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देशित किया कि फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए पात्र किसानों का पंजीकरण प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए तथा निर्धारित प्रारूप में सूचना समय से उपलब्ध कराई जाए।


स्वयं सहायता समूहों के गठन में लापरवाही पर मानदेय रोकने के निर्देश


राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों के गठन की समीक्षा के दौरान पाया गया कि कुछ समूह सखियों द्वारा अपेक्षित प्रगति नहीं की गई है। जिन समूह सखियों द्वारा मात्र दो स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया था, उनके कार्य की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी द्वारा मानदेय रोकने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पात्र ग्रामीण परिवारों, विशेषकर महिलाओं को अधिक से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जोड़ते हुए उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जाए।


पंचायत सहायकों को समूह गठन में सहयोग के निर्देश


जिलाधिकारी द्वारा पूर्व में निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक पंचायत सहायक स्वयं सहायता समूहों के गठन में सक्रिय रूप से सहयोग करेंगे। समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत सहायकों को निर्देशित किया कि समूह सखियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पात्र ग्रामीण परिवारों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने में आवश्यक सहयोग प्रदान करें। भविष्य में जिन पंचायत सहायकों द्वारा स्वयं सहायता समूहों के गठन में अपेक्षित सहयोग नहीं किया जाएगा, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ग्राम स्तर पर सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करें तथा जिन योजनाओं में प्रगति कम है, उनमें तत्काल सुधार सुनिश्चित करें।


बैठक में खंड विकास अधिकारी बनियाखेड़ा, सहायक विकास अधिकारी, ब्लॉक मिशन मैनेजर, ग्राम पंचायत सचिव, समूह सखियां, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक एवं विभिन्न विभागों के ग्राम स्तरीय कर्मचारी उपस्थित रहे।


जारी जिला सूचना कार्यालय, सम्भल।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies