हम भारती न्यूज़
मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
लम्पी स्किन डिजीज की रोकथाम को लेकर प्रभावित गांवों में चला टीकाकरण अभियान
नूरपुर ततारपुर सहित चार गांवों में पशुओं का टीकाकरण, पशुपालकों को बचाव के उपायों के प्रति किया जागरूक
सम्भल (बहजोई), 10 सितम्बर 2026
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशानुसार एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र सिंह के निर्देशन में लम्पी स्किन डिजीज (LSD) की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के टीकाकरण का अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत ग्राम नूरपुर ततारपुर, सिहोरी, अजीमाबाद एवं चाचूनांगल में पशुओं का टीकाकरण कराया गया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र सिंह ने मौके पर उपस्थित रहकर अपने समक्ष टीकाकरण कार्य कराया तथा पशुपालकों एवं किसानों को लम्पी स्किन डिजीज से बचाव के उपायों के संबंध में जागरूक किया।
पशुपालकों को सलाह दी गई कि वे अपने पशुओं का समय से टीकाकरण कराएं तथा किसी पशु में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर उसे स्वस्थ पशुओं से तत्काल अलग रखें। मच्छर, मक्खी एवं किलनी जैसे बाह्य परजीवियों की रोकथाम के लिए आवश्यक उपाय करने तथा पशुशाला में साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
पशु के शरीर पर गांठ, बुखार, सूजन अथवा अन्य असामान्य लक्षण दिखाई देने पर बिना विलंब किए पशु चिकित्सा विभाग को सूचना देने तथा पशु चिकित्सक से संपर्क करने के लिए भी पशुपालकों को जागरूक किया गया।
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने कहा कि लम्पी स्किन डिजीज की रोकथाम के लिए प्रभावित क्षेत्रों में टीकाकरण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। पशुपालकों को बीमारी के लक्षण, बचाव एवं उपचार के संबंध में जागरूक करते हुए पशुओं का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। बीमारी के लक्षण पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए संक्रमित पशुओं को स्वस्थ पशुओं से अलग रखने तथा पशुशालाओं में स्वच्छता एवं बाह्य परजीवी नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र सिंह ने पशुपालकों से अपील की कि लम्पी स्किन डिजीज की रोकथाम के लिए सतर्क रहें, अपने पशुओं का समय से टीकाकरण कराएं तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल पशु चिकित्सा विभाग को सूचित करें।
जारी जिला सूचना कार्यालय, सम्भल

.jpeg)