हम भारती न्यूज़
मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
भारी वर्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने सीएचसी बहजोई का किया औचक निरीक्षण
प्रसव कक्ष, ओटी, इमरजेंसी, दवाओं एवं एंबुलेंस की उपलब्धता का लिया जायजा
सम्भल (बहजोई), 26 सितम्बर 2026
जनपद में हो रही भारी वर्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) बहजोई का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान प्रसव कक्ष, स्टाफ रूम, ओटी कक्ष सहित विभिन्न वार्डों एवं कक्षों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने रात्रिकालीन इमरजेंसी ड्यूटी में तैनात स्टाफ के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा अस्पताल में डिलीवरी की व्यवस्था एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने अस्पताल में उपचार के लिए आए मरीजों एवं उनके तीमारदारों से भी बातचीत कर अस्पताल की व्यवस्थाओं, चिकित्सकीय सेवाओं एवं दवाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने अस्पताल में एक्स-रे की सुविधा, एंबुलेंस की उपलब्धता तथा एंटी-वेनम सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं एवं दवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में आवश्यक दवाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए तथा मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण पाठक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जारी जिला सूचना कार्यालय, सम्भल।

.jpeg)