हम भारती न्यूज़
मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक मिशन योजना के तहत इन-काइंड डीबीटी के माध्यम से लाभार्थी किसानों को वितरित किए गए ग्लेडिओलस बल्ब
सम्भल (बहजोई), 21 सितम्बर 2026
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन तथा मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट की अध्यक्षता में आज डीआर रिसोर्ट, बहजोई में कृषि विभाग द्वारा आयोजित कृषि उत्पादकता गोष्ठी के दौरान उद्यान विभाग की ओर से किसानों को पुष्प खेती के लिए प्रोत्साहित करने हेतु महत्वपूर्ण पहल की गई। कार्यक्रम में मा. जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव मुख्य अतिथि तथा पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक गुन्नौर अजीत कुमार राजू यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, मा. जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव एवं विशिष्ट अतिथि अजीत कुमार राजू यादव द्वारा मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक मिशन योजना के अंतर्गत पुष्प क्षेत्र विस्तार कार्यक्रम के तहत उद्यान विभाग के लाभार्थी कृषकों को ग्लेडिओलस बल्ब का इन-काइंड डीबीटी के माध्यम से निःशुल्क वितरण किया गया।
इस अवसर पर किसानों को पुष्प खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित करते हुए बताया गया कि ग्लेडिओलस जैसी पुष्प फसलों की खेती किसानों के लिए अतिरिक्त आय का बेहतर माध्यम बन सकती है। जनपद में पुष्प क्षेत्र का विस्तार होने से किसानों को पारंपरिक फसलों के साथ उद्यानिकी फसलों से भी आय अर्जित करने के अवसर मिलेंगे।
कृषि उत्पादकता गोष्ठी में किसानों को फसल विविधीकरण, उन्नत कृषि तकनीकों, वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर उत्पादन एवं आय में वृद्धि करने का आह्वान किया।
जिला उद्यान अधिकारी सौरभ बंसल ने बताया कि मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक मिशन योजना के माध्यम से जनपद में पुष्प क्षेत्र के विस्तार तथा किसानों को पुष्प खेती के लिए प्रोत्साहित करने का कार्य किया जा रहा है। ग्लेडिओलस बल्ब का इन-काइंड डीबीटी के माध्यम से निःशुल्क वितरण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने किसानों से उद्यान विभाग की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
यह पहल जनपद सम्भल में पुष्प खेती को बढ़ावा देने, फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने तथा किसानों की आय में वृद्धि के नए अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जारी जिला सूचना कार्यालय सम्भल।

