हम भारती न्यूज़
मंडल ब्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
आजादी का अमृत महोत्सव के अन्तर्गत ‘‘ हर घर तिरंगा‘‘ कार्यक्रम को जनपद में सफल बनाने हेतु डीएम की अध्यक्षता में बैठक हुई आयोजित।*
स्वतन्त्रता की 75 वीं वर्षगांठ के अवसर पर “आजादी का अमृत महोत्सव“ कार्यक्रम देशभर में गरिमामय रूप से मनाया जा रहा है, जिसके क्रम में जिलाधिकारी महोदय श्री मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार बहजोई में आजादी का अमृत महोत्सव के अन्तर्गत ‘हर घर तिरंगा‘ कार्यक्रम मनाये जाने हेतु बैठक आयोजित की गयी। बैठक में शासन द्वारा प्राप्त दिशा निर्देशों के अनुरूप जनपद के प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को जाग्रत करते हुए स्वतन्त्रता के प्रतीकों के प्रति सम्मान का भाव उजागर करने के उद्देश्य से दिनांक 11 अगस्त 2022 से 17 अगस्त 2022 के मध्य “हर घर तिरंगा“ कार्यक्रम मनाया जाना है, जिसके अन्तर्गत प्रत्येक भारतीय को अपने घर एवं प्रतिष्ठानों पर झण्डा फहराने के लिये प्रेरित करना है।
उक्त कार्यक्रम प्रत्येक सरकारी अधिकारी/कर्मचारी, शिक्षकगण, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्वयं सहायता समूहों, विभिन्न नागरिक संगठनों आदि के सहयोग से क्रियान्वित किये जाने के साथ-साथ वाणिज्यिक एवं व्यावसायिक समूहों एवं संगठनों को उनकी सहभागिता व तिरंगा झण्डा बनवाने के लिये सीएसआर संसाधनों को उपलब्ध कराने हेतु प्रेरित किये जाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जानी है।
इस परिप्रेक्ष्य में “हर घर तिरंगा’’ कार्यक्रम के सफलतापूर्वक आयोजित कराये जाने की प्रक्रिया में इंगित शासनादेश के अनुसार व्यापक प्रचार-प्रसार, स्वयं सहायता समूहों को सम्मिलित करते हुए “झण्डा निर्माण समूहों का गठन“, इस प्रक्रिया में जनपद हेतु निर्धारित लक्ष्य एवं आवश्यकता के अनुरूप झण्डों के निर्माण हेतु स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय टेलर्स तथा आईटीआई व अन्य वोकेशनल प्रशिक्षण केन्द्रों के दक्षकारों का चयन, जनपद स्तर से पंचायत स्तर तक विभिन्न स्तरों पर नोडल अधिकारीगण के तैनाती के साथ-साथ पर्यवेक्षकों की तैनाती, समस्त सरकारी अधिकारी/ कर्मचारियों, शिक्षकों, शिक्षामित्रों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कर्मियों, आशा बहुओं आदि को “हर घर तिरंगा’’ कार्यक्रम हेतु लक्ष्य का निर्धारण, विकास खण्ड स्तरीय समितियों का गठन आदि गतिविधियों पर समयबद्ध/निर्धारित समय सारिणी के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित किया जाना है।
शासनादेश में निहित निर्देशों के अनुसार दिनांक 11 अगस्त 2022 से 17 अगस्त 2022 के मध्य “हर घर तिरंगा“ कार्यक्रम के सफलतापूर्वक आयोजित कराये जाना है जनपद में 3 लाख 20 हजार झंडे तैयार करने हैं जो कि जनपद के घरों, प्रतिष्ठानों एवं सरकारी विभागों आदि पर फहराये जाना हैं। जिस पर जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों जैसे शिक्षा विभाग, एनजीओ एवं नगरपालिका आदि से इसकी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। तथा जिलाधिकारी ने कहा कि झंडों को दो आकार में 1.5×1 एवं 3×2 अनुपात के बनवा लिया जाए। कपड़े की व्यवस्था के लिए कपड़े की इंडस्ट्रीज एवं थोक विक्रेताओं से संपर्क किया जाए। सभी नगर पालिका एवं नगर पंचायत अधिशासी अधिकारियों एवं जीएमडीआईसी को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने स्तर पर यह कार्य अच्छे से करवाना सुनिश्चित करें। जिला पंचायत राज अधिकारी सम्भल /सदस्य सचिव, जनपद स्तरीय गठित समिति को मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया है कि समस्त सम्बन्धित विभागों के जनपद स्तरीय/उत्तरदायी अधिकारीगण से समन्वय स्थापित कर शासनादेश में वर्णित प्रत्येक बिन्दु पर मुख्य विकास अधिकारी/जिलाधिकारी के माध्यम से आवश्यकतानुसार मार्गदर्शन प्राप्त कर समस्त सम्बन्धित अधिकारीगण को समुचित निर्देश निर्गत एवं समय- समय पर बैठक आदि की कार्यवाही कराते हुए शासन की अपेक्षानुसार “हर घर तिरंगा“ कार्यक्रम का सुव्यवस्थित/सफलतापूर्वक आयोजन कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि समस्त विभागों को एक लक्ष्य निर्धारित किया जाए। जैसे कि एनआरएलएम 1लाख झंडा का निर्माण करेंगे,परियोजना अधिकारी डूडा 35000, खादी ग्रामोद्योग 50,000, बेसिक शिक्षा अधिकारी 25000, जिला विद्यालय निरीक्षक 25000, समस्त एनजीओ 50,000, जिला कार्यक्रम अधिकारी 25000, जिलाधिकारी महोदय ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि एक कार्य योजना बनाकर दिनांक 10 तारीख तक प्रत्येक दशा में संबंधित कार्यालय को प्रेषित कर दी जाए ताकि इस कार्यक्रम को भव्यता के साथ मनाया जा सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी उमेश कुमार त्यागी, अपर जिला अधिकारी कमलेश कुमार अवस्थी, जिला विकास अधिकारी/ परियोजना निदेशक डीआरडीए रमेश चंद्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी पंकज कुमार विश्नोई, जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार आर्य, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपिका चतुर्वेदी, जिला सूचना अधिकारी बृजेश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेंद्र गौतम, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी संजीता बेगम, जिला पंचायतराज अधिकारी जाहिद हुसैन सहित संस्थाओं के प्रतिनिधि संगीता भार्गव एवं ममता राजपूत, पूनम अरोरा एवं अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जारी जिला सूचना कार्यालय जनपद संभल।
