हम भारती न्यूज़
मंडल ब्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र छात्राओं के माता पिता बच्चों का आधार कार्ड बनवाकर स्कूल में भेजें ताकि उनको डीबीटी का लाभ प्राप्त हो सके।...... जिलाधिकारी*
जनपद के सभी स्कूलों में अध्यापक सर्वप्रथम मिड डे मील को करें चेक उसको उपरांत ही दें बच्चों को खाना...... जिलाधिकारी
मिड डे मील का खाने का सैंपल बच्चों की छुट्टी तक स्कूल में रहे सुरक्षित...... जिलाधिकारी
संभल (बहजोई) 18 अगस्त 2022
आज कलेक्ट्रेट सभागार बहजोई में जिलाधिकारी महोदय श्री मनीष बंसल की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग एवं समस्त केजीबी विद्यालयों की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें सर्वप्रथम पिछले कार्यवृत्त का अवलोकन करते हुए जिलाधिकारी महोदय ने दिशा निर्देश दिए।
सर्वप्रथम जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत नामांकन का प्रतिशत शत प्रतिशत हो चुका है। और उन्होंने कहा कि 30 सितंबर तक नामांकन की प्रक्रिया संचालित रहेगी तथा जिलाधिकारी महोदय ने निर्देशित करते हुए कहा कि नए नामांकन में बच्चों के आधार कार्ड भी प्राप्त करें। जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के माता-पिता बच्चों का आधार कार्ड बनवाकर स्कूल भेजें ताकि बच्चों को डीवीटी का लाभ प्राप्त हो सके। साथ ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि डीवीटी कराने के लिए आधार फीडिंग शत प्रतिशत करा लें।
जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि बच्चों की उपस्थिति विद्यालयों में शत-प्रतिशत रहे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में फर्जी स्कूल संचालित हैं उनका सत्यापन करते हुए उन पर कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। तथा उनकी जानकारी प्रचार-प्रसार के माध्यम से जनमानस तक पहुंचाएं ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित रहे सके। निशुल्क पाठ्य पुस्तक को लेकर जिलाधिकारी महोदय ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से पाठ्य पुस्तकों की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली एवं पाठ्य पुस्तकों की जनपद में शत प्रतिशत आपूर्ति कराएं। तथा 20 अगस्त को जनपद में आपूर्ति करने वाले सभी वेंडरों को बैठक के लिए जिलाधिकारी कार्यालय बुलाएं।
इसके अतिरिक्त एसएमसी, पीटीएम पर भी चर्चा की गयी। मिड डे मील को लेकर रसोइयों के भुगतान शत प्रतिशत कराने के निर्देश दिए। एवं उन्होंने कहा कि एफसीआई का भुगतान कराना सुनिश्चित करें। बच्चों के खाद्यान्न वितरण के बारे में जानकारी प्राप्त की एवं निर्देशित करते हुए कहा कि खाद्यान्न वितरण का सत्यापन शत-प्रतिशत कराया जाए। एवं खाद्यान्न का टोकन रिसीविंग का सत्यापन कराते हुए अधोहस्ताक्षरी को आख्या रिपोर्ट प्रेषित करें।
जिलाधिकारी महोदय ने समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी स्कूलों में यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी छात्र छात्राएं खाना खाने के उपरांत अपने बर्तन नहीं धोएंगें। यह जिम्मेदारी रसोइए की रहेगी। और उन्होंने कहा कि संबंधित अध्यापक स्कूल में बने मिड डे मील सर्वप्रथम चेक करेगा। उसके उपरांत ही बच्चो को मिड डे मील परोसा जाए। उन्होंने कहा कि खाने का सैंपल स्कूल में जब तक रखा जाए जब तक स्कूल की छुट्टी ना हो।
किचन गार्डन को लेकर जिलाधिकारी महोदय ने चर्चा की एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए जिलाधिकारी ने कहा कि स्कूल में हुए अच्छे कार्यों जैसे कि किचन गार्डन, शौचालय, टाइलीकरण आदि के फोटोग्राफ जिला अर्थ सांख्यिकी अधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
निपुण भारत को लेकर जिलाधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निपुण भारत के अंतर्गत अपने अपने लक्ष्य को पूर्ण कर लें। निपुण भारत पर प्रगति कम पाये जाने के कारण डीसीएमआईएस का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय को लेकर जिलाधिकारी महोदय ने समीक्षा बैठक की एवं जिलाधिकारी महोदय ने कहा की क्रिटिकल गैप के माध्यम से कार्य कराने के लिए जिला अर्थ सांख्यिकी अधिकारी को अपना अपना प्रस्ताव भेजना सुनिश्चित करें। साथ ही केजीबीवी कि सुरक्षा, स्मार्ट क्लास आदि पर विशेष चर्चा की गई ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत कार्य पूर्ण ना हो पाने के कारण खंड शिक्षा अधिकारी बनिया खेड़ा, संभल, रजपुरा, असमोली, जुनावई, गुन्नौर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
