हम भारती न्यूज़
संवाददाता मोहम्मद अशरफ जिला ब्यूरो चीफ सारण बिहार
गड़खा में अज्ञात वाहन के धक्के से बाइक सवार युवक की मौत
★ रसीदपुर नहर पुल के पास बुधवार की देर रात हुआ हादसा
★ मृतक छठियार में शामिल होकर लौट रहा था घर
गरखा थाना क्षेत्र के रसीदपुर नहर पुल के पास बुधवार की रात अज्ञात वाहन के धक्के से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक 36 वर्षीय अरविंद कुमार राम गड़खा थाना क्षेत्र के दुर्गटोले निवासी सतीश राम का पुत्र था। वह रिश्तेदार के यहां छठियार में शामिल होने गए थे। देर रात वापस घर लौट रहे थे तभी उक्त स्थान के पास अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया। धक्का लगने के बाद वह नहर में जा गिरे। रात होने के कारण लोगों को हादसे की जानकारी नहीं हो सकी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गुरुवार की सुबह जब लोगों की नजर पड़ी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मृतक के जेब से मिले परिचय पत्र के आधार पर उसकी शिनाख्त की। बाद में परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही घर में कोहराम मचा गया। पत्नी रेणु देवी दहाड़ मारकर रो रही थी। वह बार-बार यही कह रही थी कि अब वह किसके सहारे जिंदा रहेगी। मां रेशमी देवी और पिता सतीश राम के आंसू भी रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। पुत्र आदित्य, रजनीश और पुत्री शोभा व शोहाना का भी रो रो कर बुरा हाल था। लोग सांत्वना दे रहे थे पर वो काम नहीं आ रहा था।
