हम भारती न्यूज़
मंडल ब्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
दिनांक 12 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी महोदय द्वारा उम्मीद संस्था के अंतर्गत संचालित “भीख से सीख की ओर” कार्यक्रम से जुड़े बच्चों से भेंट की गई। उल्लेखनीय है कि ये बच्चे पूर्व में भीख मांगकर जीवन यापन करने की स्थिति में थे, जिन्हें उम्मीद संस्था द्वारा शिक्षा, अनुशासन एवं सकारात्मक जीवनधारा से जोड़ते हुए मुख्यधारा में लाने का कार्य किया गया है।
संस्था की कार्यक्रम प्रमुख डॉ रैना शर्मा ने बताया कि उक्त कार्यक्रम से जुड़े ये बच्चे आगामी गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजभवन, लखनऊ में आयोजित परेड में प्रतिभाग करने हेतु चयनित किए गए हैं, जो इस पहल की सफलता एवं सामाजिक प्रभाव का सशक्त उदाहरण है। यह बच्चे निरंतर डेढ़ महीने से पुलिस लाइन में अभ्यास कर रहे हैं एवं कल लखनऊ के लिए रवाना होंगे
जिलाधिकारी महोदय ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके प्रशिक्षण, दिनचर्या एवं तैयारियों की जानकारी ली तथा उनके आत्मविश्वास, अनुशासन एवं परिश्रम की सराहना की।
इस अवसर पर बच्चों में विशेष उत्साह, आत्मविश्वास एवं गर्व की भावना परिलक्षित हुई। जिलाधिकारी महोदय का यह प्रेरणादायक संवाद बच्चों के लिए अत्यंत उत्साहवर्धक सिद्ध हुआ।
उम्मीद संस्था द्वारा संचालित “भीख से सीख की ओर” कार्यक्रम समाज के वंचित बच्चों को शिक्षा एवं सम्मानजनक जीवन की ओर अग्रसर करने की दिशा में एक सराहनीय एवं प्रेरणादायी पहल है।
इस अवसर पर उम्मीद संस्था से गौरव एवं गिहार बस्ती से विपिन, समीर और भरत रहे।


