हम भारती न्यूज़
मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न
आधार अपडेट हेतु निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली होने पर कंट्रोल रूम में शिकायत करने की अपील
सम्भल (बहजोई), 15 जून 2026
आज कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति तथा पीएलएफएस एवं एएसयूएसई से संबंधित बैठक आयोजित की गई। बैठक में आधार नामांकन एवं अपडेट से संबंधित विभिन्न बिन्दुओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने समिति के सदस्यों की जानकारी प्राप्त की तथा निर्देशित किया कि आगामी बैठकों में सभी संबंधित अधिकारी अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करना सुनिश्चित करें। उन्होंने जनपद में ऐसे स्थानों की जानकारी प्राप्त की, जहां बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा उपलब्ध नहीं है अथवा मशीनों का अभाव है। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने आधार अपडेट के लिए आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि आधार नामांकन एवं अपडेट के लिए आवश्यक सभी दस्तावेजों की सूची प्रत्येक आधार केंद्र पर स्पष्ट रूप से चस्पा की जाए। साथ ही आमजन की सुविधा के लिए कलक्ट्रेट परिसर में भी इससे संबंधित जानकारी प्रदर्शित की जाए, जिससे लोगों को आधार बनवाने एवं अपडेट कराने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत आधार मशीनों के संचालन की भी समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के आधार कार्ड बनवाने की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा शेष बच्चों के आधार नामांकन में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने प्रत्येक विद्यालय में आधार रोस्टर तैयार कराने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि आधार कार्ड बनवाने अथवा अपडेट कराने के लिए शासन द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलना पूर्णतः अनुचित है। उन्होंने बताया कि बायोमेट्रिक अपडेट के लिए ₹125, डेमोग्राफिक अपडेट के लिए ₹75, दस्तावेज अपडेट के लिए ₹75, पीवीसी आधार कार्ड के लिए ₹75 तथा आधार प्रिंटिंग के लिए ₹40 शुल्क निर्धारित है।
यदि कोई केंद्र निर्धारित शुल्क से अधिक राशि की वसूली करता है, तो संबंधित व्यक्ति जनपद के कंट्रोल रूम नंबर 05921-243443 पर शिकायत दर्ज करा सकता है, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर आशुतोष तिवारी, डिप्टी कलेक्टर वंदना मिश्रा, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी रत्नेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जारी जिला सूचना कार्यालय, सम्भल।
