हम भारती न्यूज़ संवाददाता संभल से खास खबर
पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मेलन में विकसित भारत–जी राम जी अधिनियम-2025 की जानकारी दी गई*
पारदर्शिता, रोजगार सृजन, जल संचयन एवं महिला आजीविका को बढ़ावा देने पर दिया गया जोर
सम्भल (बहजोई), 21 अगस्त 2026
आज कलेक्ट्रेट सभागार, बहजोई में विकसित भारत–जी राम जी अधिनियम-2025 के अंतर्गत पंच सम्मेलन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती डॉ0 अनामिका यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। माननीय विधायक गुन्नौर अजीत कुमार उर्फ राजू यादव तथा पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा ओमवीर सिंह खड़गवंशी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
अतिथियों का स्वागत पुष्प एवं पुस्तक भेंट कर किया गया।
इसके उपरांत जिला विकास अधिकारी राम आशीष ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 125 दिनों की रोजगार गारंटी के अंतर्गत विकसित भारत–जी राम जी अधिनियम के तहत कार्यों को पारदर्शी तरीके से कराया जाएगा। उन्होंने मनरेगा के अंतर्गत संचालित कार्यों, पात्र लाभार्थियों तथा संबंधित जिम्मेदारियों एवं कर्तव्यों के विषय में भी विस्तार से जानकारी दी।
मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने विकसित भारत–जी राम जी अधिनियम-2025 के अंतर्गत किए जाने वाले कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि योजनाओं का क्रियान्वयन पूर्ण पारदर्शिता एवं प्रभावी तरीके से किया जाएगा। गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में यह अधिनियम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद में शी-मार्ट स्थापित किए जाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जहां सूक्ष्म उद्यमों से जुड़े प्रशिक्षण एवं गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने जल संचयन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोगों को जल संरक्षण एवं संचयन के प्रति जागरूक किया जाना आवश्यक है। साथ ही अधिक से अधिक महिलाओं को आजीविका के साधनों से जोड़ने पर बल दिया, जिससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ ही देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिले।
पूर्व विधायक गुन्नौर अजीत कुमार उर्फ राजू यादव ने अपने संबोधन में कहा कि शासन द्वारा राशन कार्ड सत्यापन की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है, जिससे पात्र लाभार्थियों को सुगमता से राशन का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वी.बी.-जी. राम. जी. व्यवस्था को भी अधिक पारदर्शी बनाया गया है, जिससे पात्र लाभार्थी रोजगार प्राप्त कर अपनी आर्थिक स्थिति एवं स्वरोजगार को बेहतर कर सकेंगे।
पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा ओमवीर सिंह खड़गवंशी ने कहा कि सरकार द्वारा विकसित भारत–जी राम जी योजना को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिससे पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने महिलाओं को आजीविका से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि महिला सशक्तीकरण से परिवार, गांव और समाज मजबूत होगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपने गांव को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता के प्रति स्वयं जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांव की बेटी सशक्त होगी तो गांव सशक्त होगा और देश की आर्थिक व्यवस्था भी मजबूत होगी।
माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनामिका यादव ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत–जी राम जी योजना के अंतर्गत सरकार द्वारा पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से कार्य कराया जाएगा। उन्होंने महिलाओं को आजीविका मिशन से जोड़ने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार एवं आजीविका के अवसरों से लाभान्वित करने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर किए जाने वाले कार्यों के लिए पहले से कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि समिति के सदस्यों एवं संबंधित लोगों को भी कार्यों की जानकारी रहे।
उन्होंने ग्राम प्रधानों से अपनी जिम्मेदारियों एवं भूमिका को समझते हुए ग्राम विकास के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
समस्त अतिथियों के द्वारा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को चेक एवं उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उन्होंने आपदा के कारण जो मकान अपने जनपद में गिरे हैं उनके स्वीकृति पत्र लाभार्थियों को प्रदान किए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, जिला विकास अधिकारी/उपायुक्त (श्रम रोजगार) राम आशीष, परियोजना निदेशक डीआरडीए अखिलेश चौबे सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी तथा विभिन्न ग्रामों के ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।
जारी—जिला सूचना कार्यालय, जनपद सम्भल।

