अंतिम सोमवारी पर धनी धर्मनाथ मंदिर में भारत स्काउट और गाइड सारण ने संभाला सेवा का मोर्चा
श्रद्धालुओं की सहायता में मुस्तैद रहे 50 स्काउट-गाइड कैडेट, सेवा और अनुशासन का दिया संदेश
छपरा :-- सावन माह की अंतिम सोमवारी के अवसर पर छपरा शहर के प्रसिद्ध धनी धर्मनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की सेवा एवं सहायता के लिए भारत स्काउट और गाइड, सारण के 50 कैडेटों ने समर्पण और अनुशासन के साथ सेवा कार्य किया। अनुमंडल पदाधिकारी, छपरा सदर एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी, सारण के संयुक्त निर्देश के आलोक में आयोजित इस सेवा-सहायता अभियान के दौरान स्काउट-गाइड कैडेटों ने मंदिर परिसर में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को आवश्यक सहयोग प्रदान किया और सेवा भावना का परिचय दिया।
सेवा शिविर का नेतृत्व जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) अमन राज ने किया। कैडेटों को अलग-अलग टोलियों में विभाजित कर श्रद्धालुओं की सहायता एवं व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई। विभिन्न टोलियों का नेतृत्व जिला प्रशिक्षक सोनू गुप्ता, आशुतोष कुमार एवं खुशी ठाकुर ने किया। कैडेटों ने पूरी तत्परता, अनुशासन और विनम्रता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
इस अवसर पर भारत स्काउट और गाइड, सारण के कैडेटों की सेवा भावना की लोगों ने सराहना की। सावन की अंतिम सोमवारी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच स्काउट-गाइड की सक्रिय भागीदारी ने “सेवा ही सर्वोपरि” के संदेश को सार्थक किया। भारत स्काउट और गाइड का यह सेवा अभियान युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।


