हम भारती न्यूज़
मंडल व्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
हर घर तिरंगा’अभियान में उत्साह के साथ सहभागी बनें जनपदवासी: जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल
तिरंगा फहराते समय ध्वज संहिता एवं राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा का रखें विशेष ध्यान"
सम्भल (बहजोई), 12 अगस्त 2026
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों, विद्यालयों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करें तथा राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं सम्मान का विशेष ध्यान रखें।
जिलाधिकारी ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और राष्ट्रीय भावना का प्रतीक है। इसलिए प्रत्येक नागरिक तिरंगा फहराते समय निर्धारित ध्वज संहिता का पालन सुनिश्चित करे और पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराए।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय ध्वज का आकार आयताकार होना चाहिए तथा इसकी लंबाई एवं चौड़ाई का अनुपात 3:2 होना चाहिए। झंडे के निर्माण में खादी अथवा हाथ से काता-बुना कपड़ा, सूती, पॉलिएस्टर, ऊनी, सिल्क आदि का प्रयोग किया जा सकता है। ध्वज में सबसे ऊपर केसरिया, बीच में सफेद तथा नीचे हरे रंग की पट्टी होनी चाहिए और सफेद पट्टी के मध्य में 24 तीलियों वाला अशोक चक्र अंकित होना चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि तिरंगा फहराते समय केसरिया पट्टी सदैव ऊपर की ओर होनी चाहिए। सरकारी परिसरों में ध्वजारोहण सूर्योदय के उपरांत तथा सूर्यास्त के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक उतारा जाना चाहिए। विशेष परिस्थितियों में ही रात्रि में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जा सकता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि 09 से 17 अगस्त 2026 तक निजी आवासों एवं प्रतिष्ठानों पर लगाए जाने वाले तिरंगों को निर्धारित अवधि के बाद सम्मानपूर्वक उतारकर सुरक्षित रखा जाए। उतारे गए राष्ट्रीय ध्वज को किसी भी दशा में फेंका न जाए, बल्कि सम्मानपूर्वक फोल्ड करके सुरक्षित रखा जाए। आधा झुका, फटा या कटा हुआ तिरंगा लगाना भी निषिद्ध है।
जिलाधिकारी की जनपदवासियों से अपील
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने जनपदवासियों से अपील की है कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में अधिक से अधिक सहभागिता करते हुए अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराएं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करना है। सभी नागरिक राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखते हुए ध्वज संहिता का पालन करें और तिरंगे को सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखें।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनभागीदारी का उत्सव बनाने तथा स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह, गौरव और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाने का आह्वान किया।
जारी जिला सूचना कार्यालय सम्भल।
