हम भारती न्यूज़
मंडल ब्यूरो चीफ राजेश्वर सिंह
संभल से खास खबर
समस्त खंड विकास अधिकारी टेंडर जारी कर कैटल कैचर करें क्रय....... जिलाधिकारी*
लंपी रोग के विषय में लोगों को करें अधिक से अधिक जागरूक...... जिलाधिकारी
संभल (बहजोई) 7 सितंबर 2022
आज कलेक्ट्रेट सभागार बहजोई में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में पशुपालन विभाग की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया ।
गौ आश्रय केंद्र, निराश्रित गोवंश, मुख्यमंत्री सहभागिता योजना, टीकाकरण, ईयर टैगिंग, लंपी रोग आदि को लेकर विशेष चर्चा की गयी।
जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि कितने निराश्रित गोवंशओं को आश्रय स्थलों पर संरक्षित किया गया है। तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि भ्रमित सूचना प्राप्त कराने को लेकर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को चेतावनी जारी करें। टीकाकरण के कार्य को लेकर जिलाधिकारी ने पशु चिकित्सा अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की एवं जानकारी संतोषजनक ना पाने पर मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि वह समस्त विकास खंडों में एडीओ आईएसबी को एक-एक ग्राम पंचायत में भेजें जिन ग्राम पंचायत के नाम क, ख, ग आदि से शुरू होते हों। तथा वहां पर एडीओ आईएसबी जाकर पशुपालकों से टीकाकरण की जानकारी प्राप्त कर उसकी आख्या रिपोर्ट कल शाम तक अधोहस्ताक्षरी कार्यालय को प्रेषित कराना सुनिश्चित करें।
सहभागिता योजना के अंतर्गत जिला अधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि भुगतान का कार्य शत प्रतिशत कराना सुनिश्चित करें। और उन्होंने कहा कि जिन खंड विकास अधिकारियों द्वारा चारे आदि से संबंधित भुगतान का प्रस्ताव संबंधित कार्यालय को नहीं भेजा है शीघ्र ही प्रस्ताव भेजना सुनिश्चित करें। जिससे कि उसका भुगतान तथा शीघ्र हो सके। सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कैटल कैचर को टेंडर जारी कर शीघ्र ही क्रय कराना सुनिश्चित करें। सभी गौशालाओं में वर्मी कंपोस्ट का निर्माण किया जाए। समस्त पशु चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि लंपी रोग के केसो से संबंधित रजिस्टर को मेंटेन रखें। और उन्होंने कहा कि जहां ज्यादा केस निकल रहे हैं वहां एपिसेंटर बनाए जाएं। लंपी रोग से संबंधित प्रोटोकॉल का पालन ना कर पाने के कारण जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। और उन्होंने कहा कि जहां केस मिल रहे हैं वहां 500 मीटर की परिधि में वैक्सीनेशन ना करें तथा 5 किलोमीटर बाहर से वैक्सीनेशन का कार्य करते हुए अंदर की तरफ वैक्सीनेशन करें।
जिलाधिकारी ने समस्त खंड विकास अधिकारियों एवं पशु चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वह लोगों को लंपी रोग के विषय में अधिक से अधिक जागरूक करें तथा इसमें प्रधानों का भी विशेष सहयोग लें जिससे रोग पर शीघ्र ही रोकथाम लगाई जा सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती कमलेश सचान, परियोजना निदेशक डीआरडीए रमेश चंद्र, डीसी मनरेगा बलवंत सिंह, डीसी एनआरएलएम रामायण सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मुन्ना लाल यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर तरन्नुम रजा, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी रत्नेश कुमार, जिला सूचना अधिकारी बृजेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी जाहिद हुसैन, समस्त खंड विकास अधिकारी समस्त पशु चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
